डालनवाला हत्याकांड का खुलासा, दो साजिशकर्ता गिरफ्तार; छह पर 25-25 हजार का इनाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 23 फरवरी 2026। डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखण्ड की संयुक्त टीम ने साजिश में शामिल दो अभियुक्तों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है। मामले में फरार छह अभियुक्तों पर एसएसपी देहरादून द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
13 फरवरी को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को कब्जे में लेकर कार्रवाई की, जिसकी पहचान अमन विहार रायपुर निवासी विक्रम शर्मा के रूप में हुई। बाद में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अधिकारियों और एसटीएफ टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिचित अखिलेश सिंह की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि विक्रम शर्मा झारखंड का कुख्यात अपराधी रहा है और हत्या, हत्या के प्रयास व रंगदारी जैसे कई मामलों में आरोपित था। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस ने झारखंड कनेक्शन को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से पता चला कि तीन हमलावर बाइक से आए और वारदात के बाद सहस्त्रधारा रोड पर वाहन छोड़कर दूसरी बाइक व स्कूटी से हरिद्वार की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की, जो पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) निवासी जितेंद्र कुमार साहु के नाम पर पंजीकृत निकली। हरिद्वार में किराए पर ली गई बाइक और स्कूटी की जानकारी भी मिली, जिनका भुगतान झारखंड से जुड़े व्यक्तियों की आईडी और यूपीआई के जरिए किया गया था। इसके बाद आरोपियों के काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच-05-डीजेड-5517) से भागने का सुराग मिला।
वाहन की जांच में वह जमशेदपुर स्थित सारिका इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर यशराज के नाम पंजीकृत पाया गया। पुलिस टीम ने जमशेदपुर पहुंचकर 19 फरवरी को राजकुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वाहन के उपयोग और अन्य साथियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद 23 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 अपार्टमेंट से मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर को हिरासत में लेकर देहरादून लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य साजिशकर्ता आशुतोष सिंह अपने साथियों अंकित वर्मा, विशाल सिंह और अन्य के साथ मिलकर कई महीनों से विक्रम शर्मा की हत्या की योजना बना रहा था। पहले जमशेदपुर और नोएडा में हत्या की योजना बनाई गई, लेकिन अवसर नहीं मिल पाया। करीब तीन माह पूर्व अंकित वर्मा ने उसी जिम को ज्वाइन किया, जहां विक्रम नियमित रूप से जाता था। घटना वाले दिन भी जिम में उसकी मौजूदगी की सूचना साथियों को दी गई, जिसके बाद बाहर निकलते समय उसे गोली मार दी गई।
वारदात के बाद आरोपी हरिद्वार से किराए के वाहन लेकर वहां से स्कॉर्पियो में नोएडा पहुंचे। मोहित ने आरोपियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की। पुलिस ने षड्यंत्र में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षत ठाकुर और राजकुमार शामिल हैं। जबकि अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेंद्र कुमार साहु अभी फरार हैं। सभी वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखण्ड की संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें