
देहरादून 02 फरवरी ।जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में नकली पनीर व दही की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेलाकुई पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो लग्जरी कारों से 250 किलोग्राम नकली पनीर और 50 किलोग्राम नकली दही बरामद कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा सैंपलिंग के बाद नकली खाद्य सामग्री को नष्ट कर दिया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 02 फरवरी 2026 को थाना सेलाकुई पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर सेलाकुई बाजार में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान माया देवी यूनिवर्सिटी के पास धूलकोट तिराहे से तेज गति से आ रही ब्रेजा और बलेनो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में भारी मात्रा में पनीर और दही बरामद हुई।
पूछताछ में वाहन चालकों ने खाद्य सामग्री के नकली होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद वरिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाया गया। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही सैंपलिंग कर पनीर और दही को नकली पाया। इसके बाद पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने विधिक कार्रवाई करते हुए नकली पनीर और दही को नष्ट किया तथा दोनों वाहनों को सीज कर दिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों वसीम और प्रदीप कुमार ने बताया कि वे यह नकली पनीर लक्सर निवासी बाबर और नेहरू कॉलोनी निवासी दिनेश लुथरा से खरीदकर लाए थे, जिसे एक शादी समारोह की बुकिंग में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।







