भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस पर तीखा हमला, प्रदेशभर में पुतला दहन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अंकिता हत्याकांड पर भ्रम फैलाकर राजनीति कर रही है कांग्रेस: रुचि चौहान भट्ट
देहरादून, 4 जनवरी।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीति करने के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा ने रविवार को प्रदेशभर में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सभी 19 सांगठनिक जिलों के मुख्यालयों पर कांग्रेस का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एजेंडा विहीन कांग्रेस एक दिवंगत बेटी के नाम पर अनैतिक राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जिससे प्रदेश की जनता में आक्रोश है।
रुचि चौहान भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास न तो विकास का कोई विजन है और न ही कोई सकारात्मक एजेंडा। साढ़े तीन वर्षों तक चुप रहने के बाद अब जैसे-जैसे 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, कांग्रेस अपनी खोई जमीन तलाशने के लिए अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले को चुनावी स्टंट बना रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIT जांच से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पहले ही यह साफ किया जा चुका है कि इस मामले में किसी भी ‘वीआईपी’ की संलिप्तता नहीं थी। धामी सरकार ने घटना के 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा, एसआईटी गठित की और पारदर्शी जांच करवाई।
500 पन्नों की चार्जशीट, 100 से अधिक गवाहों के बयान और मजबूत पैरवी के आधार पर दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सरकार ने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी तथा परिवार की मांग पर तीन बार सरकारी वकील बदले गए, ताकि दोषियों को जमानत न मिल सके। उन्होंने कहा कि जब न्यायालय द्वारा दोषियों को सजा सुनाई जा चुकी है, तब भी कांग्रेस द्वारा इस मामले को उठाना उसकी हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने अब आक्रामक रुख अपना लिया है और कांग्रेस के झूठे आरोपों व भ्रम फैलाने की राजनीति को आगे भी जनता के सामने बेनकाब करती रहेगी।
देहरादून महानगर में हुए पुतला दहन कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें