मुख्यमंत्री ने आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विकासखंडों और जिलों को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत ऊधमसिंह नगर एवं हरिद्वार को किया गया पुरस्कृत

देहरादून 19 दिसंबर।आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत गदरपुर, मोरी और स्याल्दे विकासखंडों को किया गया पुरस्कृत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र एवं पदकों से आकांक्षी जनपद कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों एवं विकासखंडों को सम्मानित किया। इस दौरान Uttarakhand at 25: A Himalayan State With Infinite Possibilities पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत तय मानकों की पूर्णता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर एवं हरिद्वार को पुरस्कृत किया गया। वहीं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाले गदरपुर, मोरी और स्याल्दे विकासखंडों को पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक विकास एवं वित्तीय समावेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि इस योजना के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा जारी आकांक्षी जनपदों की रैंकिंग में हरिद्वार जनपद को वर्ष 2022 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं विकासखंडों की श्रेणी में गदरपुर, मोरी और स्याल्दे ने भी सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का समग्र विकास हो रहा है। राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र के साथ प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य की ओर तेजी से कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2023 में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया, जिसमें ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन हुए। इनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडिंग हो चुकी है। उद्योगों के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल बनाते हुए सिंगल विंडो सिस्टम को भी सशक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होम स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज के माध्यम से पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में उत्तराखंड का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में प्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश अचीवर्स श्रेणी में रहा है। बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया गया है। राज्य खनन तत्परता सूचकांक में उत्तराखंड को श्रेणी-सी में देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ, जो पारदर्शी और सक्षम संसाधन प्रबंधन का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम को टॉप अचीवर्स श्रेणी में पुरस्कृत किया गया है। पर्यटन क्षेत्र में भी राज्य ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन एवं बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन जैसे राष्ट्रीय पुरस्कारों ने देवभूमि को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त किया है। राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार 2024 में जाखोल, हर्षिल, गुंजी और सूपी गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया।

उन्होंने कहा कि सही नीयत, नेक इरादे और दृढ़ संकल्प के साथ ही अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, डायरेक्टर डॉ. मनोज पंत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें