कनिका ढिल्लों और कृति सैनन की ‘दो पत्ती’ का गीत ‘रांझण’ बना स्पॉटिफाई इंडिया का 2025 का सबसे ज्यादा सुना गया गाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई, दिसंबर 2025: कहानीकार और निर्माता कनिका ढिल्लों ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उनकी हिट नेटफ्लिक्स थ्रिलर फिल्म ‘दो पत्ती’, जो 2024 की सबसे ज्यादा स्ट्रीम की गई फिल्मों में शामिल रही, का भावनात्मक गीत ‘रांझण’ अब स्पॉटिफाई इंडिया का 2025 का सबसे ज्यादा सुना गया गाना बन गया है।

परंपरा टंडन की सुरीली आवाज़, सचेत–परंपरा की संगीत रचना और कौसर मुनीर के खूबसूरत बोलों से सजा ‘रांझण’ पूरे साल देशभर की प्लेलिस्ट में छाया रहा। यह गाना 2025 का सबसे लोकप्रिय हार्टब्रेक एंथम बनकर उभरा और युवा वर्ग से लेकर संगीत प्रेमियों तक, सभी की पहली पसंद बना रहा।

यह उपलब्धि कनिका ढिल्लों के प्रोडक्शन हाउस कथा पिक्चर्स और कृति सैनन की ब्लू बटरफ्लाई फिल्म्स के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। दोनों ने मिलकर फिल्म दो पत्ती का निर्माण किया था। इससे पहले भी कनिका ढिल्लों की सहनिर्मित फिल्म ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर बड़ी सफलता दर्ज की थी और उनके बतौर कंटेंट क्रिएटर मजबूती से स्थापित किया।

दो पत्ती के साथ प्रोडक्शन में कदम रखने वाली कनिका ढिल्लों लंबे समय से दमदार और भावनात्मक कहानियों के लिए जानी जाती हैं। मनमर्जियाँ, केदारनाथ, जजमेंटल है क्या, रश्मि रॉकेट जैसी फिल्मों में उनके लेखन ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। अब बतौर निर्माता भी उनकी फिल्में लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं।

कनिका ढिल्लों ने ‘रांझण’ की ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जताते हुए कहा—
“रांझण को मिला यह अपार प्यार मेरे लिए बेहद विनम्रता का क्षण है। एक लेखक और निर्माता के रूप में हमारी कोशिश हमेशा ऐसी कहानियाँ कहने की रहती है, जो लोगों के दिल को छू जाएँ। दो पत्ती को मिली प्रशंसा और इसका संगीत भारत का सबसे ज्यादा सुना जाने वाला ट्रैक बनना, यह दर्शकों के स्नेह का प्रमाण है। परंपरा, सचेत, कौसर मुनीर और निर्देशक बॉब—आप सबने मिलकर इस गाने को लोगों की यादों में हमेशा के लिए दर्ज कर दिया है।”

‘रांझण’ की लोकप्रियता ने न सिर्फ फिल्म की सफलता को और मजबूत किया है, बल्कि यह साबित किया है कि अच्छी कहानी, भावनात्मक संगीत और मजबूत रचनात्मक दृष्टि मिलकर दर्शकों के दिलों तक सीधी पहुंच बनाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें