BLA–BLO के समन्वय से विशेष गहन पुनरीक्षण होगा और सुचारू, CEO ने राजनीतिक दलों से की 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत नियुक्ति की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 5 दिसंबर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए, जहां आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और मजबूत बनाने में राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि हर पोलिंग बूथ पर बीएलए की तैनाती से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी और सटीकता आती है। वर्तमान में प्रदेश के 11,733 बूथों के सापेक्ष केवल 4,155 बीएलए नियुक्त हैं। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने सभी दलों से 31 दिसंबर तक सौ प्रतिशत बीएलए नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की।

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्री–SIR फेज में 40 वर्ष तक के ऐसे मतदाताओं की मैपिंग की जाएगी जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज थे। यह प्रक्रिया सीधे BLO ऐप के माध्यम से की जाएगी।
यदि किसी मतदाता का नाम 2003 की सूची में उपलब्ध नहीं है, तो उसके माता-पिता या दादा-दादी के आधार पर प्रोजनी के रूप में मैपिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची को www.ceo.uk.gov.in और www.voters.eci.gov.in पर खोजा जा सकता है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, स्वीप नोडल विनय कुमार तथा विभिन्न राजनीतिक दलों—कांग्रेस, CPI(M), BSP, भाजपा और आम आदमी पार्टी—के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सभी दलों ने निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर और सटीक बनाने के लिए आयोग को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें