पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान के लिए बड़ी पहल: पन्द्रह दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों और दो गंभीर रूप से बीमार पत्रकारों को 5-5 लाख की सहायता की संस्तुति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 5 दिसंबर।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में आयोजित पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक में पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समिति ने विचार-विमर्श के उपरांत 15 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पत्रकार कल्याण कोष से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की संस्तुति की। इसके साथ ही गंभीर बीमारी से ग्रस्त दो पत्रकारों को चिकित्सा उपचार हेतु 5-5 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने की भी अनुशंसा की गई।

बैठक में समिति ने मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह की पेंशन स्वीकृत करने की संस्तुति भी की।

महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान को प्राथमिकता देती है, और इसी प्रतिबद्धता के तहत सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मामलों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए समिति की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

बैठक में सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, और समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, गिरीश तिवारी, अमित शर्मा एवं शशि शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें