किसान अन्नदाता—सरकार हर कदम पर उनके साथ : मुख्यमंत्री
कृषि, पशुपालन, मत्स्य व शहद उत्पादन बढ़ाने की अपील
रीप परियोजना के तहत महिलाओं को ई-रिक्शा, किसानों को अनुदान वितरित
देहरादून/पंतनगर 3 नवम्बर।

उत्तराखंड राज्य स्थापना रजत जयंती के अवसर पर गोविन्द वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा लोहिया हेड मैदान में आयोजित कृषि गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय, कृषि विभाग और विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदर्शनी को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कृषि गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “किसान हमारा अन्नदाता है, किसान मजबूत होगा तो देश और प्रदेश दोनों समृद्ध बनेंगे।” उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को हरित क्रांति की जन्मस्थली बताते हुए कहा कि यहां हो रहे शोध एवं नवाचारों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से उन्नत बीजों, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और सैनिकों की सरकार है, और किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, रेशम और शहद उत्पादन जैसे सहायक व्यवसाय अपनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य के इतिहास में पहली बार गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। उन्होंने किसानों से गन्ने का रकबा बढ़ाने और अधिक उत्पादन करने की अपील की ताकि उन्हें बेहतर आय प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम प्रदेशभर में आयोजित किए जाएंगे, जिससे सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रसार हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रीप परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को छह ई-रिक्शा प्रदान किए। साथ ही कृषि विभाग के दो प्रगतिशील किसानों को ₹49,750 की अनुदान राशि के चेक और 1000 किसानों के लिए निर्धारित कृषक किटों में से पाँच किट सांकेतिक रूप से वितरित की गईं। किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और आभार जताया।
कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, खटीमा नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, नानकमत्ता के प्रतिनिधि प्रेम सिंह टूरना, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, दान सिंह रावत, राजपाल सिंह, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।









