हल्द्वानी 3 नवंबर।
गन्ना समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि के बाद बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का क्षेत्र के किसानों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और इसे किसानों के हित में लिया गया बड़ा कदम बताया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री धामी को गन्ने तथा पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक कृषि उपज—गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद से भरी विशेष टोकरी भेंट की। नेगी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में की गई वृद्धि से लगभग तीन लाख गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ होगा। उन्होंने इस फैसले को किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में सार्थक पहल बताया।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। अब शीघ्र प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹375 से बढ़कर ₹405 प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹365 से बढ़कर ₹395 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी के साथ उत्तराखंड अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी अधिक गन्ना समर्थन मूल्य देने वाला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसानों का आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट, संदीप कुकसाल, हरीश सुनाल, नरेंद्र मेहरा, सोबन सिंह, भैरव खोलिया, रवीन्द्र रैकुनी, आनंदमणि भट्ट समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।









