साधली/बडा़ेदरा, गुजरात 2 दिसंबर
।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सरदार@150 यूनिटी मार्च के अंतर्गत आयोजित सरदार गाथा कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल को समस्त उत्तराखंडवासियों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अटूट समर्पण से अखंड भारत के स्वप्न को साकार किया। किसान आंदोलनों—खेड़ा और बारदोली—में न्याय के लिए उनके संघर्ष ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र-सेवा और राष्ट्रीय एकता को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार पटेल ने संवाद, प्रेम, दृढ़ता और निर्भीकता के बल पर 562 रियासतों को भारतीय संघ में विलय कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरदार पटेल जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आज एक भारत, श्रेष्ठ भारत के मंत्र के साथ देश की एकता, अखंडता व राष्ट्रीय गौरव को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश–एक विधान–एक संविधान’ के संकल्प को साकार किया। उन्होंने केवड़िया में विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर सरदार पटेल के प्रति देश की कृतज्ञता को मूर्त रूप दिया। साथ ही रन फॉर यूनिटी के माध्यम से युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सरदार@150 यूनिटी मार्च के अंतर्गत उत्तराखंड के प्रत्येक जनपद में एकता यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने स्वयं चार प्रमुख स्थानों पर इन यात्राओं में प्रतिभाग किया। एकता यात्राओं के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्ति, योग, स्वास्थ्य व सहकारिता मेलों से जोड़ा गया तथा स्थानीय हस्तशिल्प व स्वदेशी उत्पादों को भी बढ़ावा दिया गया।
उन्होंने बताया कि एकता यात्रा के दौरान ग्राम सभाओं में जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर जनता की समस्याओं के समाधान किए गए। विभिन्न गाँवों में सरदार उपवन विकसित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की प्रेरणा और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और कानून सुनिश्चित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित सरदार@150 यूनिटी मार्च ने सरदार पटेल के एकता और समरसता के संदेश को पूरे देश में पहुंचाया है। यह अभियान राष्ट्रव्यापी उत्सव बन गया। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए जाति, क्षेत्र, संप्रदाय और भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता व अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।









