मुख्य समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का भरोसा : भाजपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“पीएम मोदी के मार्गदर्शन से विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे बढ़ेगा राज्य” — भट्ट

देहरादून 6 नवंबर।
उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को लेकर भाजपा में उत्साह का माहौल है। पार्टी ने दावा किया है कि 9 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।

प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि पीएम मोदी के प्रेरणादायक मार्गदर्शन से प्राप्त ऊर्जा लेकर राज्य विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत निर्माण में योगदान दे सके।

“राज्यवासियों के लिए दोहरी खुशी का अवसर” — मनवीर सिंह चौहान

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के इस ऐतिहासिक और गौरवमयी अवसर पर प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आना राज्यवासियों के लिए दोहरी खुशी का क्षण है।

उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह को भव्य और शानदार बनाने के लिए पार्टी ने विशेष तैयारी की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अधिकतम जनसहभागिता के लिए देहरादून महानगर, देहरादून ग्रामीण, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, कोटद्वार और पौड़ी की टीमों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा प्रदेश के सांसदों, विधायकों, नगर निगमों, नगरपालिका व जिला पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक जनता को कार्यक्रम से जोड़ें।

“मोदी देवभूमि के संरक्षक, विकास की सौगातें देते आए हैं” — भट्ट

प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देवभूमि के संरक्षक के रूप में सदैव उत्तराखंड को विकास की सौगातें देते आए हैं। उनके नेतृत्व में राज्य में लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाएं केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि जब राज्य अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने का उत्सव मना रहा है, तब प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आना एक अभिभावक के रूप में उनकी आत्मीयता और उत्तराखंड के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

भट्ट ने कहा कि समूचा प्रदेश रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों में हर्षोल्लास से सहभागी है। ऐसे में हमारा प्रयास होना चाहिए कि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक उद्बोधन को सुनें और उससे विकसित उत्तराखंड, विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें।

Leave a Comment

और पढ़ें