ऑडी अप्रूव्ड: प्लस प्री-ओन्ड कार शोरूम और अत्याधुनिक सर्विस वर्कशॉप से ग्राहकों को मिलेगा बेहतर अनुभव
देहरादून 13 अक्टूबर ।
लग्ज़री कार ब्रांड ऑडी इंडिया ने उत्तराखंड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सोमवार को राजधानी देहरादून में दो नई सुविधाओं का शुभारंभ किया। कंपनी ने यहां एक नया ऑडी अप्रूव्ड: प्लस प्री-ओन्ड कार शोरूम और एक आधुनिक सर्विस वर्कशॉप शुरू की है। दोनों केंद्र एडवेंचर ऑटो कार इंडिया लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किए गए हैं, जो ऑडी दिल्ली वेस्ट और ऑडी कोलकाता का संचालन भी करती है।
शोरूम और सर्विस केंद्र के पते
ऑडी अप्रूव्ड: प्लस शोरूम खसरा नंबर 216 और 217, दुर्गा ऑर्चर्ड्स, सहारनपुर रोड, देहरादून – 248001 पर स्थित है, जबकि सर्विस सुविधा केंद्र खसरा नंबर 148DA, 174GA, 175KA, मोहबेवाला गांव, आर्केडिया ग्रांट जिला, देहरादून – 248002 में स्थापित किया गया है।
ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि “देहरादून में हमारी दो नई सुविधाओं का शुभारंभ उत्तराखंड में हमारे विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हमारा 27वां ऑडी अप्रूव्ड: प्लस प्री-ओन्ड कार शोरूम है। पिछले पांच वर्षों में हमने लग्ज़री प्री-ओन्ड कार सेगमेंट में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, और नेटवर्क को देशभर में 7 से बढ़ाकर 27 केंद्रों तक पहुंचाया है।”
उन्होंने कहा कि देहरादून का यह नया केंद्र उत्तर भारत के उभरते लग्ज़री कार बाजार के लिए एक अहम गेटवे साबित होगा। नई सर्विस वर्कशॉप से ग्राहकों को और अधिक सुविधा मिलेगी और कंपनी की ग्राहकों के करीब रहने की प्रतिबद्धता भी मजबूत होगी।
300 बिंदुओं पर कारों की जांच, भरोसे की गारंटी
ऑडी अप्रूव्ड: प्लस कार्यक्रम के तहत ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाली पूर्व-स्वामित्व वाली ऑडी कारें उपलब्ध कराई जाती हैं। प्रत्येक कार को बिक्री से पहले 300 से अधिक बिंदुओं पर सख्त गुणवत्ता परीक्षणों से गुजारा जाता है। इनमें मैकेनिकल, बॉडीवर्क, इंटीरियर और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की विस्तृत जांच शामिल है। इसके अलावा प्रत्येक वाहन का ऑन-रोड टेस्ट भी किया जाता है ताकि ग्राहकों को निश्चिंत और भरोसेमंद अनुभव मिल सके।
कार्यक्रम के तहत ऑडी इंडिया 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस, वाहन के पूरे इतिहास की जानकारी, साथ ही फाइनेंसिंग और इंश्योरेंस के आसान विकल्प भी प्रदान करती है।
अत्याधुनिक सर्विस सुविधा से ग्राहकों को मिलेगा प्रीमियम अनुभव
देहरादून में शुरू की गई नई सर्विस फैसिलिटी में नियमित मेंटेनेंस, जनरल रिपेयर और डायग्नोस्टिक सेवाओं के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां कार्यरत ऑडी-प्रशिक्षित तकनीशियन स्वीकृत उपकरणों और नवीनतम तकनीकों के माध्यम से ग्राहकों को सटीक और भरोसेमंद सेवा प्रदान करेंगे।
डीलर प्रिंसिपल आदित्य अगरवाला ने कहा, “उत्तराखंड में पहली बार ऑडी की प्री-ओन्ड कार एक्सपीरियंस लेकर आना हमारे लिए गर्व की बात है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में लग्ज़री कार बाजार तेजी से बढ़ रहा है। हम यहां ग्राहक संतुष्टि और सेवा उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा कि नई सर्विस सुविधा के साथ कंपनी अपने ग्राहकों को न केवल बेहतर सेवा बल्कि व्यक्तिगत देखभाल भी प्रदान करेगी।
ऑडी अप्रूव्ड: प्लस की बढ़ती रफ्तार
ऑडी अप्रूव्ड: प्लस ने जनवरी से सितंबर 2025 के बीच अपनी बिक्री में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी आने वाले समय में देशभर में और नई सुविधाएं खोलने की योजना बना रही है, ताकि अधिक से अधिक ग्राहक ऑडी का अनुभव कर सकें।








