
देहरादून, 11 अक्टूबर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 सितंबर 2025 को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच हेतु गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपी। आयोग की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी कर रहे हैं।मुख्यमंत्री धामी ने आयोग द्वारा अल्प समय में व्यापक जनसुनवाई कर अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस रिपोर्ट का गहन परीक्षण कर अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लेगी।उन्होंने यह भी बताया कि मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति की जा चुकी है ताकि पूरी निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सरकार परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।भविष्य में किसी भी भर्ती परीक्षा में अनियमितता की संभावना समाप्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास राज्य की परीक्षा प्रणाली पर कायम रहे।








