देहरादून, 09 अक्टूबर।कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आईटी पार्क सहस्त्रधारा स्थित नाबार्ड कार्यालय में दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 2.0’ का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न जनपदों से आए किसानों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उनसे संवाद किया।
मंत्री जोशी ने कहा कि सेब महोत्सव उत्तराखंड की कृषि क्षमता और किसानों की आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने नाबार्ड के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास को नई दिशा दी है।
उन्होंने बताया कि नाबार्ड ने 138 एफपीओ को 20 करोड़ रुपये का अनुदान, 34 वॉटरशेड परियोजनाओं से 11,000 हेक्टेयर भूमि उपचार, तथा 4,000 एकड़ में फल बागवानी को बढ़ावा दिया है। साथ ही 20 नवाचार परियोजनाओं के माध्यम से कृषि विविधीकरण 
और ग्रामीण आजीविका सशक्त की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि राज्य के 27 कृषि उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त हुए हैं, जिनमें कई नाबार्ड-सहायतित एफपीओ से जुड़े हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि ऐसे आयोजन किसानों को प्रोत्साहित कर उत्तराखंड को समृद्ध कृषि राज्य बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।









