पढ़ाई और खेलों में समर्पण से गढ़ें उज्ज्वल भविष्य:मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत 5 जुलाई ।

*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाल संवाद कार्यक्रम में बच्चों से किया संवाद*

पर्यटन आवास गृह, टनकपुर से माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चम्पावत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से “बाल संवाद कार्यक्रम” में प्रतिभाग किया।

इस कार्यक्रम में रा.इ.का. चम्पावत, पाटी, चौमेल, रा.बा.इ.का. टनकपुर, चमदेवल एवं चम्पावत के छात्र-छात्राओं व शिक्षण स्टाफ ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद के विद्यालयों में खेल क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी लेना एवं खिलाड़ियों से संवाद करना था।

मुख्यमंत्री धामी ने रा.इ.का. चम्पावत के गौरव (कक्षा 12), रा.इ.का. पाटी की प्रीति (कक्षा 12), रा.बा.इ.का. टनकपुर की कंचन (कक्षा 12), रा.इ.का. चौमेल के सागर (कक्षा 12) तथा रा.बा.इ.का. चम्पावत की मोनिका (कक्षा 9) से सीधे संवाद कर खेल सुविधाओं, आवश्यकताओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी मनीष कुमार, जनपद के समस्त प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों को इस अभिनव प्रयास के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों से राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने बताया कि वे इस योजना से नियमित रूप से लाभान्वित हो रहे हैं तथा यह योजना उनके खेल कौशल को विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में लागू खेल नीति और उदीयमान खिलाड़ी योजना जैसे प्रयासों से युवाओं को सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी बराबर महत्व दें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी देश में अपनी विशेष पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अमृतकाल के सारथी बताते हुए समय का सदुपयोग करने, अध्ययन में कठिन परिश्रम तथा खेल मैदान में पूर्ण समर्पण के साथ अभ्यास करने का संदेश दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें