चंपावत 21 मार्च ।
वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 23 मार्च 2025 को जनपद के मुख्यालय के गोरल चौड़ मैदान में “जन सेवा महोत्सव” अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से लाइव प्रसारण द्वारा प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी जनसभा को संबोधित करेंगे।
आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को और अधिक भव्य बनाने हेतु शुक्रवार को प्र जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता में जनपद के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर सुझाव लिए गए।
बैठक में प्र० जिलाधिकारी ने बताया कि बहुउद्देशीय शिविरों में आमजन को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाओं के वितरण की भी सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को गोरल चौड़ मैदान, चंपावत में आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 26 मार्च को विधानसभा लोहघाट में बहुउद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रभारी जिला अधिकारी ने समस्त अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम को और अधिक भव्य बनाने हेतु निर्देशित किया उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की कोई कमी ना हो यह सबकी अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने सुझाव रखे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जनपद के समस्त नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल हेतु व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल में विद्युत, पेयजल, बैरिकेडिंग, स्टॉल स्थापना, बैठने की व्यवस्था, सड़क मार्ग आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल में होने वाली व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा की कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहे जिसका अधिकारी विशेष ध्यान रखें। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिस विभाग को जाम की स्थिति से निपटने हेतु व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, वही स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, तहसीलदार चंपावत जगदीश नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







