
परेड ग्राउंड में धरनारत कर्मचारियों को दिया समर्थन, सत्ता में आने पर समस्याओं के समाधान का भरोसा
देहरादून 23 नवंबर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सोमवार को परेड ग्राउंड में धरना दे रहे आउटसोर्स कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के कर्मचारियों को समर्थन दिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनकी मांगों को जायज बताया।
धरनास्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह पूरी मेहनत और जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो उचित मानदेय मिल रहा है और न ही सम्मान। कम वेतन और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वे सरकारी विभागों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई विभागों में 15 से 20 साल तक सेवा दे चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना कारण और बिना नोटिस नौकरी से हटाया जा रहा है। यह सरकार का अमानवीय और तानाशाहीपूर्ण रवैया है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य कर्मचारियों की तरह सुविधाएं दी जाएं।
हरक सिंह रावत ने कहा कि सरकार उपनल की तर्ज पर आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग कॉरपोरेशन बनाकर उनका समायोजन कर सकती है। इससे उनकी समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आउटसोर्स कर्मचारियों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। यदि भाजपा सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में कदम उठाएगी।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री विनोद चौहान, विजय चौहान, दीप बोरा और संजय कनौजिया सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।








