एनसीएसटीसी के सहयोग से 32 विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने सीखी नवीकरणीय ऊर्जा तकनीकें
देहरादून 23 नवंबर। दून विश्वविद्यालय में सोलर सेल और हाइड्रोजन उत्पादन तकनीकों पर एक दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 32 विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों, डीबीएस पीजी कॉलेज और ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को नवीकरणीय ऊर्जा की उभरती तकनीकों, विशेष रूप से सोलर सेल और हाइड्रोजन उत्पादन की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान देना था।
इस अवसर पर दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जागरूकता और व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में एनसीएसटीसी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मेक्सिको के नेशनल ऑटोनॉमस यूनिवर्सिटी के रसायन विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर रोनन ले लागडेक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक तकनीकी प्रयोगों से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) शिक्षा को मजबूत करने तथा कौशल विकास पर जोर दिया।
तकनीकी सत्र में सीएसआईआर-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान, देहरादून के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश खत्री ने विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। इसके बाद प्रतिभागियों को सोलर सेल और हाइड्रोजन उत्पादन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
यह कार्यक्रम ‘क्लासरूम टू कम्युनिटी’ परियोजना का हिस्सा था। परियोजना का उद्देश्य अनुभव आधारित शिक्षा के माध्यम से एसटीईएम शिक्षा को बढ़ावा देना, नवीकरणीय ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी प्रोत्साहित करना तथा शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।








