सरकारी जमीनों की बंदरबांट के विरोध में 11 स्थानों पर वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 3 अक्टूबर। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों के कथित दुरुपयोग एवं निजी हितों के लिए इस्तेमाल के विरोध में कांग्रेस 4 नवंबर को प्रदेशव्यापी ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान चलाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और महानगरों में सुबह 10 बजे विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकारी जमीनों एवं सार्वजनिक संपत्तियों की कथित बंदरबांट के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। प्रदेश की जनता के हितों, प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी संपत्तियों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने प्रदेश के 11 स्थानों पर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। नैनीताल में पटवाडांगर की 13.64 एकड़ भूमि और ज्योलीकोट निरीक्षण भवन के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह सप्पल को प्रभारी बनाया गया है। अल्मोड़ा में निरीक्षण भवन अल्मोड़ा और कटारमल के लिए विधायक मनोज तिवारी तथा पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल जिम्मेदारी संभालेंगे।

रानीखेत में चौबटिया उद्यान पार्क और निरीक्षण भवन के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष करण माहरा को प्रभारी बनाया गया है। हल्द्वानी में एचएमटी रानीबाग की 53 एकड़ भूमि को लेकर विधायक तिलकराज बेहड़ तथा विधायक एवं महानगर अध्यक्ष सुमित हृदयेश अभियान का नेतृत्व करेंगे। भीमताल में रामगढ़ की 15 एकड़ भूमि, रामगढ़ निरीक्षण भवन और रातीघाट-कैंचीधाम निरीक्षण भवन के लिए उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी तथा विधायक एवं जिलाध्यक्ष आदेश चौहान को जिम्मेदारी दी गई है।

देहरादून-ऋषिकेश में आईडीपीएल की 633 एकड़ भूमि को लेकर प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत तथा संबंधित जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया है। देहरादून-विकासनगर में डाकपत्थर की 180 एकड़ भूमि के लिए प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और जिलाध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है।

देहरादून-मसूरी क्षेत्र में जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट, पार्क एस्टेट और हाथीपांव की करीब 142 एकड़ भूमि को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल तथा जिलाध्यक्ष अभियान का नेतृत्व करेंगे। टिहरी गढ़वाल में धनोल्टी की 247 एकड़ भूमि और कद्दूखाल निरीक्षण भवन के लिए विधायक विक्रम सिंह नेगी तथा विधायक एवं जिलाध्यक्ष लखपत बुटोला को प्रभारी बनाया गया है।

हरिद्वार में अलकनंदा होटल और हरकी पैड़ी क्षेत्र के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत, विधायक रवि बहादुर एवं जिलाध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रानीपुर हरिद्वार में सलेमपुर महदूद की 21 एकड़ भूमि को लेकर विधायक फुरकान अहमद, विधायक वीरेंद्र जाति तथा संबंधित जिलाध्यक्षों को अभियान की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर सुबह 10 बजे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों की रक्षा केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें