विधानसभा चुनाव से पहले यूकेडी ने खोले पत्ते, 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


काशी सिंह ऐरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट, दूसरी सूची जल्द जारी होने के संकेत

देहरादून 31 अक्टूबर ।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने चुनावी तैयारियां तेज करते हुए 16 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। संसदीय बोर्ड की संस्तुति के बाद केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

यूकेडी ने प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकारों और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को प्रमुख आधार बताया है। पार्टी के अनुसार फाइव-लेयर सिस्टम के तहत चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रत्याशियों का चयन किया गया है।

पहली सूची में पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी, जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल और राजपुर सुरक्षित सीट से देव चंद उत्तराखंडी को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसी तरह सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता सुरक्षित सीट से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और धनोल्टी से चंदन सिंह राणा को टिकट दिया गया है।

यूकेडी नेतृत्व ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत संगठनात्मक आधार के साथ पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है। नेतृत्व के अनुसार संसदीय बोर्ड की संस्तुति के आधार पर प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी।

पहली सूची जारी होने के बाद प्रदेश के राजनीतिक हलकों में यूकेडी की आगामी रणनीति और दूसरी सूची को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पार्टी के इस कदम को विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और चुनावी अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें