
देहरादून 22 अक्टूबर ।श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून की ओर से रेसकोर्स स्थित श्री गुरु नानक मैदान में आयोजित 11 दिवसीय भव्य रामलीला महोत्सव-2026 का भगवान श्रीराम के राजतिलक, पुरस्कार वितरण और कलाकारों के सम्मान के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन आधुनिक लेजर एवं ध्वनि तकनीक के बीच भगवान श्रीराम का राजतिलक आकर्षण का केंद्र रहा। राजतिलक के माध्यम से धर्म, सत्य, मर्यादा और न्याय की स्थापना का संदेश दिया गया।
समापन समारोह में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पूर्व विधायक राजकुमार मुख्य अतिथि रहे। शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि वर्ष 1952 से पुरानी टिहरी में चली आ रही ऐतिहासिक रामलीला को टिहरी बांध के कारण पुरानी टिहरी के जलमग्न होने के बाद देहरादून में भव्य स्वरूप में पुनर्जीवित करना सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में सराहनीय प्रयास है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर आयोजित रामलीला पूरे देहरादून के लिए गर्व का विषय है।
समिति अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि पुरानी टिहरी की ऐतिहासिक रामलीला की परंपरा को देहरादून में जीवित रखना समिति का संकल्प रहा है। यह आयोजन अब उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपराओं के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
समापन अवसर पर वर्ष 1952 से रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले वरिष्ठ कलाकारों और उनके परिवारों के साथ कलाकारों, गायकों, संगीतकारों, कीर्तन मंडलियों, तकनीकी टीम, स्वयंसेवकों और अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
महोत्सव में आधुनिक एलईडी और लेजर तकनीक, भव्य ध्वनि व्यवस्था तथा उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। दशहरे पर 80 फुट ऊंचे एलईडी एवं लेजर तकनीक से सुसज्जित रावण तथा 65 फुट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा।
समिति के अनुसार वर्ष 2025 में रामलीला को डिजिटल माध्यमों से 82 लाख से अधिक लोगों ने देखा था। इस वर्ष आयोजन को एक करोड़ दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम का संचालन भारती आनंद ने किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अभिनव थापर, सचिव अमित पंत, संरक्षक एवं निर्देशक अनुराग पंत, नरेश कुमार, दुर्गा भट्ट, गिरीश पैन्यूली, अजय पैन्यूली, नीता बहुगुणा, शशि पैन्यूली, कुशन नेनवाल सहित समिति के सदस्य, कलाकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, श्रद्धालुओं, दर्शकों, कलाकारों, सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया।








