युवा कांग्रेस और एनएसयूआई की रीढ़ हैं युवा कार्यकर्ता : सूर्यकांत धस्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 21 अक्टूबर ‌। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का प्रभारी बनाए जाने के बाद का बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने युवाओं से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे आंदोलनों से मजबूती से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पेपर लीक और वोट चोरी जैसे मुद्दों को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कांग्रेस की रीढ़ हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

धस्माना ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर युवा और छात्र विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और राज्य गठन के बाद यह सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्राथमिक से लेकर माध्यमिक और उच्च शिक्षा तक व्यवस्था प्रभावित हुई है।

उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में सबसे अधिक उम्मीद युवा वर्ग से है। पिछले छह महीनों में जिस तरह युवा और छात्र सड़कों पर उतरकर सरकारों के फैसलों का विरोध कर रहे हैं, उससे आम लोगों में भी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का साहस पैदा हुआ है। इसमें राहुल गांधी के नेतृत्व में छात्रों और युवाओं से जुड़े आंदोलनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

धस्माना ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव में फ्रंट फुट पर रहकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अगले तीन महीने पार्टी के लिए पूरी ताकत से काम करें, इसके बदले वह आगामी चुनाव में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम संयोजक एवं युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित खन्ना ने कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसा प्रभारी मिला है, जो छात्र और युवा राजनीति से निकलकर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति तक पहुंचे हैं।

एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर ने कहा कि अस्सी के दशक में जब सूर्यकांत धस्माना डीएवी महाविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष थे, तब छात्रसंघ अध्यक्ष की भूमिका बेहद प्रभावशाली होती थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर युवा संगठनों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का धस्माना का अनुभव अब प्रदेश के युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में सुमित खन्ना, विनीत प्रसाद भट्ट, संग्राम सिंह पुंडीर, पार्षद रोबिन त्यागी, रितेश क्षेत्री, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, एनएसयूआई के सौरव सेमवाल, कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिरला, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित नेगी, जॉय बर्सवाल समेत बड़ी संख्या में युवा और छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें