
पीएमजीएसवाई के तहत 610 बसावटों को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य, शिवराज सिंह चौहान ने जल्द मंजूरी का दिया भरोसा
नई दिल्ली 12 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्राम्य विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़कों के निर्माण और प्रस्तावों की स्वीकृति को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई के तहत 315 सड़कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे हैं। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में सड़क सुविधा पहुंचने से स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को गति देने के साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की ओर से भेजे गए सड़क प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पीएमजीएसवाई के तहत प्रस्तावित सड़कों का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।









