
पोस्टर प्रतियोगिता में नवोदय सिंह प्रथम, धनिशी द्वितीय और श्रेया तृतीय रहीं
देहरादून 12 अक्टूबर ।स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से केंद्रीय विद्यालय सालावाला में स्वच्छता शपथ और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प लिया। केंद्रीय विद्यालय सालावाला के प्राचार्य मयंक शर्मा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छता अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
सीबीसी देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता जनभागीदारी और निरंतर प्रयासों पर निर्भर है। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने से जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होगा और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की नवोदय सिंह ने प्रथम, कक्षा सातवीं की धनिशी ने द्वितीय और कक्षा आठवीं की श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिसर में कचरे के उचित निस्तारण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय सालावाला को एक कूड़ेदान भी भेंट किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक राम किशोर मीणा समेत विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। समापन पर विद्यार्थियों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।








