वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, सानिया और पार्थ ने जीते रजत पदक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 28 सितंबर ।चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने भारत के लिए रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ वोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी कौशल विधा में रजत पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में भारत ने कुल छह रजत पदक और 20 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल कर वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया। इसे वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है।

शंघाई में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में हिस्सा लिया। तकनीकी कौशल, दक्षता, नवाचार और सृजनात्मकता के इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर उत्तराखंड के सानिया जोशी और पार्थ वोहरा की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
दोनों युवाओं की सफलता की शुरुआत इंडिया स्किल्स 2025-26 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और चयन प्रक्रिया से हुई। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति की ओर से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न कौशल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए गए। राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिला।
सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने अपनी-अपनी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डस्किल्स के वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया। विभाग के अनुसार यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं में कौशल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने के प्रयासों का परिणाम है।

Leave a Comment

और पढ़ें