जनवरी तक तैयार होगा जीएनटीआई स्टेडियम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 25 सितंबर ।श्रीनगर का ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम अगले वर्ष जनवरी तक नए और आधुनिक स्वरूप में तैयार हो जाएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम के पुनर्निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास से वर्चुअल बैठक के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

डॉ. रावत ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को जनवरी तक जीएनटीआई स्टेडियम का निर्माण पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यह फिर से स्थानीय सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके।

उन्होंने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ वहां बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क विकसित करने के निर्देश भी रेलवे अधिकारियों को दिए। बैठक में श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के विकास के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति दी गई। मंत्री ने संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को इन योजनाओं के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रस्ताव भेजने में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग बनाने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. रावत ने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिसमें सैकड़ों वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।

इसके अलावा श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रीवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण के लिए भी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वर्चुअल बैठक में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप, पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी, श्रीनगर की उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें