
अधिकारियों को समय से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश, कार्यक्रम को जनसेवा का अभियान बनाने पर जोर
देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार 67 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। हरिद्वार और बागेश्वर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि देहरादून जिले में 1,907, हरिद्वार में 3,179 और बागेश्वर में 834 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन तीनों जिलों के कुल 5,920 केंद्रों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ को महज एक कार्यक्रम न समझकर जनसेवा के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में लिया जाए। इसके माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने कार्यक्रम में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।
मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों का उत्साह बढ़ेगा और अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, शिशुओं और बालिकाओं के कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के साथ बच्चों को बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला परियोजना अधिकारी मीना बिष्ट, महिला मोर्चा महामंत्री हिमानी वैष्णव, जिलाध्यक्ष मीता सिंह समेत विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








