
विद्यार्थियों को प्रबंधन के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे : मुख्य सचिव
देहरादून 23 सितंबर ।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के प्रस्तावित परिसर का भूमिपूजन किया। उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का परिसर स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का परिसर खुलने से उत्तराखंड के साथ ही आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रबंधन के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने के साथ ही नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। इससे प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों और आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।








