
20वें रोजगार मेले के साथ देशभर में अब तक 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित
देहरादून 19 सितंबर। राष्ट्रीय रोजगार मेले के 20वें संस्करण के तहत शनिवार को देहरादून समेत देशभर के 45 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। देहरादून में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में चयनित 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को संबोधित कर बधाई दी।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। आयकर विभाग, देहरादून की मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने स्वागत संबोधन में रोजगार मेले को युवाओं और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
अजय टम्टा ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि विभिन्न प्रतिष्ठित सरकारी विभागों में सेवा से जुड़ना उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने युवाओं से निरंतर अपने कौशल को बढ़ाने और समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
देहरादून में नियुक्ति पत्र पाने वाले 249 युवाओं में भारतीय सर्वेक्षण विभाग के पांच, आयकर विभाग के 121, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के 53, भारतीय रेल के 30, डाक विभाग के 20, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा एवं नियंत्रक रक्षा लेखा के 18, भारतीय प्रबंधन संस्थान के एक और गृह मंत्रालय के एक अभ्यर्थी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम के आगमन के साथ यह अवसर हजारों परिवारों में खुशियां लेकर आया है। उन्होंने कहा कि युवा ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब देश विकसित भारत@2047 की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से नए कौशल अर्जित करने और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं, बढ़ते स्टार्टअप तंत्र तथा छोटे शहरों से युवाओं की बढ़ती उद्यमिता का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र सिंह ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए किए गए सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभा सेतु पोर्टल का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से सिविल सेवा चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण तक पहुंचने के बावजूद चयनित न हो पाने वाले अभ्यर्थियों को सार्वजनिक और निजी संस्थानों में संभावित अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को निर्धारित समय सीमा में 10 लाख लोगों को सरकारी पदों पर भर्ती की सुविधा देने के उद्देश्य से हुई थी। पहले रोजगार मेले में देशभर के 50 स्थानों पर 75 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। 20वें संस्करण के साथ अब तक करीब 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग और रेलवे भर्ती बोर्ड समेत निर्धारित भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की गई है।







