
देहरादून 19 सितंबर। सेलाकुई थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की 11 पेटियों में रखी 126 बोतलें बरामद की हैं। बरामद शराब की कीमत करीब एक लाख 32 हजार रुपये बताई गई है। शराब तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा एटिओस कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सेलाकुई पुलिस सारना के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सहसपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की टैक्सी कार संख्या पीबी01सी-0837 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिग्गी से 11 गत्ते की पेटियों में 126 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कार चालक अनिल सिंह (44) पुत्र स्व. दिनेश सिंह निवासी पैडूल, ब्लॉक-एफ, आदर्शनगर, शिव मंदिर के पास, नया गांव, एसएएस नगर, मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना सेलाकुई में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मोहाली पंजाब में रहता है और टैक्सी चलाता है। उसके अनुसार, वह शराब चंडीगढ़ से लेकर आया था और इसे शादी समारोह में आपूर्ति करने के लिए पौड़ी गढ़वाल ले जा रहा था।पुलिस टीम में थानाध्यक्ष शैंकी कुमार, अपर उपनिरीक्षक उमेद असवाल, कांस्टेबल सुधीर कुमार और कांस्टेबल संजीत कुमार शामिल रहे।










