दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्मदिन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बच्चों के साथ केक काटकर साझा की खुशियां, बोले- उनका स्नेह सबसे यादगार उपहार

देहरादून 16 सितंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच समय बिताकर जन्म दिवस की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए। इस दौरान संस्थान का वातावरण स्नेह और अपनत्व से भर गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों से दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन की चुनौतियों को निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से पार किया जा सकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है। इस अवसर पर गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें