निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एमडी पी.सी. ध्यानी ने तीन विद्युत उपकेंद्रों का किया औचक निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ओवरलोडिंग सहित अन्य समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश, कार्मिकों से 24×7 गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान

देहरादून 4 सितंबर। प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिटकुल एवं यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने गुरुवार को ढालीपुर, ढकरानी और कुल्हाल विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिटकुल, यूपीसीएल और यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ विद्युत उपकेंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने उपकेंद्रों में ओवरलोडिंग एवं अन्य तकनीकी समस्याओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और इनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने पिटकुल और यूपीसीएल के साथ ही संबंधित संस्थाओं के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रदेशवासियों को 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और नए उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के कथन, ‘‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड राज्य का होगा’’, को याद करते हुए कार्मिकों से राज्य के विकास में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।
प्रबंध निदेशक ने मुख्यमंत्री के मूलमंत्र सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि तथा विकल्प रहित संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी कार्मिक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलती रहे।
इस अवसर पर यूपीसीएल के मुख्य अभियंता एन.एस. बिष्ट, पिटकुल के मुख्य अभियंता पंकज कुमार, अधीक्षण अभियंता ललित कुमार सहित पिटकुल, यूपीसीएल एवं यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें