
दुर्गा पूजा 2026 पर रिलीज होने वाली फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजार में शानदार रिस्पॉन्स
मुंबई 3 सितंबर। नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित बंगाली फिल्म ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ को लेकर देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्साह बढ़ता जा रहा है। दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर रिलीज होने जा रही फिल्म की अमेरिका के बाद अब ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
फिल्म की घोषणा के बाद से ही दुनियाभर में बसे बंगाली दर्शकों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी टिकटों की बुकिंग खुलने को फिल्म के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय क्रेज के रूप में देखा जा रहा है।
भारत में फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज से पहले ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिल रहे रिस्पॉन्स ने इसे इस साल की बहुप्रतीक्षित बंगाली फिल्मों में शामिल कर दिया है। बड़े कैनवास, हाई-स्टेक्स कहानी और ‘बोहरूपी यूनिवर्स’ की वापसी ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
फिल्म को मिल रहे अंतरराष्ट्रीय समर्थन पर खुशी जताते हुए नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने कहा कि अमेरिका के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी एडवांस बुकिंग शुरू होना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने इस समर्थन के लिए बंगाली सिने क्लब ऑस्ट्रेलिया का आभार व्यक्त किया।
फिल्म में एक्शन, इमोशन और मिस्ट्री के साथ लार्जर-दैन-लाइफ कहानी देखने को मिलेगी। शिबोप्रसाद मुखर्जी फिल्म में एक कुख्यात डाकू की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि जीशु सेनगुप्ता एक पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं, सोहिनी सरकार एक बार फिर लोकप्रिय किरदार झिमली के रूप में वापसी कर रही हैं। इस बार उनके किरदार के कई नए पहलू दर्शकों के सामने आएंगे।
दुर्गा पूजा 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ की अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में शुरू हुई एडवांस बुकिंग ने फिल्म के अंतरराष्ट्रीय सफर को और मजबूती दी है। अब फिल्म दुनिया भर के दर्शकों तक अपनी कहानी पहुंचाने के लिए तैयार है।






