
देहरादून 19 अगस्त ।मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। ऑनलाइन मानचित्र पत्रावलियों, तकनीकी खामियों, डाटा सुरक्षा और वित्तीय मॉड्यूल की समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और लंबित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सामने आया कि निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद तकनीकी त्रुटि के चलते 399 ऑनलाइन मानचित्र पत्रावलियां Auto Reject अथवा Deemed Approved हो गई थीं। उपाध्यक्ष ने इन पत्रावलियों को वर्तमान स्थिति में निरस्त कर संबंधित आवेदकों से दोबारा Resubmit कराने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रत्येक प्रकरण पर नियमानुसार ऑनलाइन कार्रवाई की जाएगी।
डुप्लीकेट फाइलों पर लगेगी रोक
ऑनलाइन प्रणाली में एक ही आवेदन के सापेक्ष डुप्लीकेट पत्रावलियां बनने की समस्या पर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने प्रभावित फाइलों को शीघ्र Rectify करने और ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में एक आवेदन पर दोहरी पत्रावली तैयार न हो।
समय-सीमा से पहले मिलेगा अलर्ट
मानचित्र पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण के लिए सिस्टम में Pop-up, Notification और Alert की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे अधिकारियों को समय-सीमा समाप्त होने से पहले लंबित पत्रावलियों की जानकारी मिल सकेगी और Auto Reject अथवा Deemed Approved की स्थिति को रोकने में मदद मिलेगी।
एमडीडीए का होगा Dedicated Server
डिजिटल डाटा की सुरक्षा के लिए एमडीडीए का Dedicated Server विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षित बैकअप व्यवस्था के साथ AI आधारित एप्लिकेशन/सिस्टम विकसित करने पर भी जोर दिया गया है। इसमें प्राधिकरण से संबंधित डाटा और अभिलेख एकीकृत रूप से उपलब्ध होंगे, जिससे एक ही सर्च के जरिए आवश्यक जानकारी शीघ्र प्राप्त की जा सकेगी।
रोज होगा वित्तीय Reconciliation
Finance Module की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन की वित्तीय प्रविष्टियों और पत्रावलियों का उसी दिन Reconciliation किया जाए। किसी भी वित्तीय प्रकरण को अगले दिन तक लंबित नहीं रखा जाए। इसके साथ ही लंबित Balance Sheets को प्राथमिकता से तैयार और अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना एमडीडीए की प्राथमिकता है। तकनीकी खामी के कारण किसी आवेदक को परेशानी नहीं होनी चाहिए। डुप्लीकेट फाइलों की समस्या का स्थायी समाधान करने के साथ ही समय-सीमा से पहले अधिकारियों को अलर्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र प्रणाली की तकनीकी कमियों को चिन्हित कर उनका समाधान किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पत्रावलियों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डाटा सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है।








