
हरिद्वार, 11 अगस्त 2026। कांवड़ मेला-2026 के सकुशल संपन्न होने के बाद हरिद्वार में 12 से 18 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चलने वाले अभियान को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले के बाद गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा एकत्र हो गया है। इसे देखते हुए व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई के साथ ही कूड़े के उचित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडलों, औद्योगिक इकाइयों, जनप्रतिनिधियों, संत समाज और आमजन से भी अभियान में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार का संकल्प पूरा किया जा सकता है।
बैठक में डीडीओ केके पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, उपायुक्त नगर निगम महेंद्र यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





