युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार, 1 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के सुरक्षित हाथों में है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति और संस्कारों का केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है, बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा। इसके लिए बैंक अधिकारियों के साथ विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें