उत्तराखंड बोर्ड परीक्षार्थियों के डाटा अपडेट की अंतिम तिथि 4 अगस्त तक बढ़ी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून/रामनगर, 1 अगस्त। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2027 के संस्थागत परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 4 अगस्त 2026 कर दी है। परिषद ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्रों का शत-प्रतिशत विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।

परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि डाटा अपडेशन के लिए पोर्टल 15 जुलाई से 31 जुलाई तक खुला था, लेकिन कुछ विद्यालयों द्वारा प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी। विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए अंतिम अवसर के रूप में तिथि बढ़ाई गई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 अगस्त के बाद किसी भी स्थिति में तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों के विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। परिषद ने 4 अगस्त से विद्यालयों को नामावली तैयार करने का विकल्प भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी है।
परिषद के अनुसार, कक्षा 10 और 12 के संस्थागत विद्यार्थियों के नवीन पंजीकरण एवं स्थानांतरण के लिए पोर्टल 11 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के नवीन पंजीकरण के लिए पोर्टल 25 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।
विद्यालयी शिक्षा परिषद ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने जनपदों में समयबद्ध तरीके से डाटा अपडेशन का कार्य पूरा कराएं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बोर्ड परीक्षार्थियों का डाटा समय पर और त्रुटिरहित अपलोड होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यालयों से निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डाटा अपडेट करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी, समयबद्ध और छात्रहितैषी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment

और पढ़ें