
देहरादून 27 जुलाई ।डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि चरित्र, संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी से मिलती है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान के साथ ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य और संवेदनशीलता को अपनाने का आह्वान किया।
बंशीधर तिवारी सोमवार को एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
तिवारी ने कहा कि सफलता निरंतर प्रयास, सीखने की प्रवृत्ति और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है। शैक्षणिक उत्कृष्टता सफलता का एक पहलू है, जबकि सफल करियर, पारिवारिक मूल्य और व्यक्तिगत संतुष्टि मिलकर जीवन को सार्थक बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता का परिचय दें। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता के साथ विनम्रता और कृतज्ञता बनाए रखने की भी अपील की।इस अवसर पर तिवारी ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने और उत्कृष्टता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद, संस्थान प्रमुख, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।







