देहरादून, 27 जुलाई। प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने सोमवार को सचिवालय में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए विभागाध्यक्षों को साप्ताहिक और विभागीय सचिवों को प्रत्येक 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने को कहा। साथ ही प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नामित कर पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वर्ष 2021 से लंबित घोषणाओं की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी जारी नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र जारी किया जाए। साथ ही जिन घोषणाओं को समायोजित या विलोप्त किया जाना है, उनकी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर घोषणा सेल को जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि गोलू देवता, घोड़ाखाल और चितई को जोड़कर विशेष गोल्ज्यू कॉरिडोर बनाने के प्रस्ताव को व्यय वित्त समिति और मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। प्रमुख सचिव ने संबंधित पत्रावली वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए। वहीं चम्पावत में जिम कॉर्बेट ट्रेल निर्माण के लिए ब्रिडकुल को कार्यदायी संस्था नामित किए जाने पर शीघ्र शासनादेश जारी करने और एक सप्ताह के भीतर डीपीआर प्रस्तुत करने को कहा गया।
प्रमुख सचिव ने नगर क्षेत्र चम्पावत की सीवर लाइन का परीक्षण कर 15 दिन में रिपोर्ट देने, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली के खेल मैदान विस्तार, हनुमान मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण तथा नारियाल गांव में एबीसी सेंटर की स्थापना से जुड़े मामलों में भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में 220/33 केवी विद्युत स्टेशन निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में यह भी बताया गया कि गुरु गोरखनाथ धाम सड़क चौड़ीकरण तथा चम्पावत रोडवेज स्टेशन में मल्टी स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बैठक में विभिन्न विभागों के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी एवं जिलाधिकारी चम्पावत समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








