
देहरादून, 27 जुलाई। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को राजपुर निवासी अमर शहीद राइफलमैन मनोज राणा की 13वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शहीद की स्मृति में ₹27 लाख की लागत से बनने वाले शहीद द्वार का शिलान्यास किया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शहीद मनोज राणा का सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने बताया कि एमडीडीए के माध्यम से पहाड़ी शैली में भव्य शहीद द्वार का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और उत्तराखंड के वीर जवानों ने हर संकट की घड़ी में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना के आधुनिकीकरण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के सम्मान एवं कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है, जो भविष्य में देशभर के लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
उल्लेखनीय है कि शहीद राइफलमैन मनोज राणा भारतीय सेना की 15 राष्ट्रीय राइफल्स (15 RR) और 2/4 गोरखा राइफल्स में तैनात थे। 27 जुलाई 2013 को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों से मुकाबला करते हुए उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, शहीद की माता उषा राणा, बहन पिंकी राणा, प्रभा शाह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







