
मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) 17 जुलाई ।पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में दो स्कूली बच्चों और एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई। यह हादसा कर्णसुबर्ण स्टेशन के पास रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुआ, जहां निमतीता–कटवा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में एक स्कूल वैन और साइकिल सवार आ गया ।
रेलवे के अनुसार, सुबह करीब 6:41 बजे कटवा–अजीमगंज रेलखंड के लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 24A/2 पर ट्रेन संख्या 53054 निमतीता–कटवा पैसेंजर की टाटा सूमो स्कूल वैन से टक्कर हो गई। वैन में रॉयल एकेडमी स्कूल के बच्चे सवार थे। हादसे के समय एक बुजुर्ग साइकिल सवार भी क्रॉसिंग पार कर रहा था।
दुर्घटना में दो बच्चों और बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल बच्चों का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राहत एवं बचाव कार्य के साथ भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त आरपीएफ जवानों को भी तैनात किया गया है। रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।








