उत्तराखंड परिवहन निगम को घाटे से उबारने की तैयारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 6 जून। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में निर्माणाधीन बस स्टेशनों, राजस्व वृद्धि, चारधाम यात्रा, इलेक्ट्रिक बसों, टिकट व्यवस्था और सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
परिवहन मंत्री ने बताया कि रामनगर और टनकपुर में निर्माणाधीन बस स्टेशनों का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा कर जनता के लिए बस स्टेशनों को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम और परिवहन विभाग के बेहतर समन्वय से राजस्व में वृद्धि दर्ज की गई है। चारधाम यात्रा सीजन में अब तक निगम ने लगभग 8 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। वहीं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर किराया कम किए जाने के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें यात्रियों की पहली पसंद बनी हैं।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य परिवहन निगम को घाटे से बाहर निकालना है। इसके तहत जल्द ही 50 नई मिनी बसें पहाड़ी और छोटे मार्गों पर संचालित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा अधिक सुगम होगी।
उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से उत्तराखंड को जल्द ही लगभग 140 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं, जिससे राज्य में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी।बैठक में टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और सरल बनाने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि अब कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी बस टिकट बुक कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही परिवहन विभाग के कार्यालयों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जनपद में सिटी बस सेवा शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। बैठक में बसों की मरम्मत, पुराने वाहनों को हटाने, कर्मचारियों की भर्ती, बस स्टेशनों पर पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं, ऑनलाइन बुकिंग, यात्री शिकायतों के निस्तारण और तकनीकी उन्नयन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में परिवहन निगम प्राधिकरण के सदस्य संजय अरोड़ा, परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, उपायुक्त सुनील शर्मा, जीएम अनिल सिंह गर्ब्याल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें