
देहरादून, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेते हुए निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
जिला मीडिया प्रभारी एवं आईटी विशेषज्ञ डॉ. डी.सी. पसबोला ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, जिलाधिकारी आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सविता कोठियाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
डॉ. पसबोला ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों हनोल (महासू), त्यूणी, चकराता और लाखामंडल में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी स्थानीय लोगों के लिए योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उत्साहपूर्वक सहभागिता देखने को मिली।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को अनुशासन, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।








