
देहरादून 15 जून ।जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील परिसर का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सहकारी बैंक भर्ती घोटाले में कथित अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के लेनदेन के आरोपों की जांच कराने तथा सहकारिता मंत्री को बर्खास्त करने की मांग को लेकर राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रयाल को दिया गया।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में सहकारी बैंक भर्ती प्रक्रिया में व्यापक अनियमितताएं हुई थीं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सचिव डॉ. वीबीआरसी पुरुषोत्तम ने भर्ती प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए भर्ती निरस्त करने की सिफारिश की थी। नेगी का दावा है कि भर्ती के दौरान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ, जिसकी पुष्टि बैंक खातों की जांच से की जा सकती है।उन्होंने आरोप लगाया कि चयनित अभ्यर्थियों के खातों से 10 से 15 लाख रुपये तक के लेनदेन हुए थे और मोर्चा लगातार इसकी जांच की मांग करता रहा है। नेगी ने कहा कि मामले में प्रभावशाली लोगों की भूमिका होने के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि सहकारी बैंकों में वर्ष 2022 की चतुर्थ श्रेणी (सहयोगी/गार्ड) भर्ती में बड़े पैमाने पर भाई-भतीजावाद और वित्तीय अनियमितताएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों और पदाधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों को नियुक्तियां दिलाने के लिए नियमों की अनदेखी की।
नेगी के अनुसार मामले की जांच के लिए गठित समितियों ने देहरादून, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जनपदों से संबंधित रिपोर्ट वर्ष 2022 में शासन को सौंप दी थी। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न सहकारी बैंकों में 423 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती कराई गई थी, जिसमें देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं।
मोर्चा ने राज्यपाल से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुए कथित वित्तीय लेनदेन की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घेराव एवं प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







