
देहरादून, 14 जून। उत्तराखंड ने सहकारिता क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए देश का पहला राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया है, जहां त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के सहयोग से प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) की स्थापना की जाएगी। इस संबंध में रविवार को सहकारिता विभाग और विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में सचिव सहकारिता डॉ. इकबाल अहमद तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शाश्वत विश्वास ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
पांच वर्षों की अवधि के लिए स्थापित की जाने वाली यह पीएमयू उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र के नवाचार, अनुसंधान, क्षमता विकास और संस्थागत सुदृढ़ीकरण का प्रमुख केंद्र बनेगी। इसके माध्यम से पैक्स, जिला सहकारी बैंक, बहुउद्देशीय सहकारी समितियों और अन्य सहकारी संस्थाओं को प्रशिक्षण, व्यवसायिक मॉडल निर्माण, विपणन सहायता, प्रबंधन सुधार तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत प्रदेश की भौगोलिक एवं आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप सहकारिता क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों का अध्ययन कर विकास की नई रणनीतियां तैयार की जाएंगी। साथ ही भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ और विषय विशेषज्ञ प्रदेश में सहकारिता आधारित रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजनाएं तैयार करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्थापित होने वाली यह पीएमयू सहकारिता क्षेत्र में नवाचार, शोध और ज्ञान आधारित विकास का केंद्र बनेगी तथा प्रदेश की सहकारी संस्थाओं को अधिक आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कुलपति प्रो. शाश्वत विश्वास ने कहा कि उत्तराखंड के साथ हुआ यह समझौता सहकारिता क्षेत्र में ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाकर प्रदेश में सहकारिता आधारित विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में उप सचिव सहकारिता सुरेंद्र दत्त बेलवाल, अपर निबंधक सहकारिता ईरा उप्रेती, आनंद ए.डी. शुक्ल, उत्तराखंड प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन के प्रबंध निदेशक एम.पी. त्रिपाठी, राकेश ऐरावत सहित विभाग और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








