नीट (यूजी)-2026 पुनः परीक्षा के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड रोडवेज बसों में मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 10 जून । नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।

इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत द्वारा उत्तराखण्ड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा केवल उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 के वैध प्रवेश पत्र के आधार पर उपलब्ध होगी।
सरकार के निर्णय के तहत अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा दिवस तक अपने गृह जनपद अथवा वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिनों के भीतर परीक्षा केंद्र से अपने घर अथवा वर्तमान प्रवास स्थल तक वापसी यात्रा भी निःशुल्क रहेगी।
निर्देशों के अनुसार यह सुविधा केवल उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों में तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम निर्धारित मार्ग पर ही मान्य होगी। यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।
राज्य सरकार का मानना है कि इस निर्णय से प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक राहत मिलेगी और वे बिना किसी अतिरिक्त यात्रा व्यय के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। यह पहल विद्यार्थियों की सुविधा और उनकी परीक्षा संबंधी तैयारियों को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें