
ललित फाउंडेशन के पंचम अधिवेशन “अभिव्यंजना 5.0” का शुभारंभ, साहित्यकारों का सम्मान
रामनगर/कालाढूंगी, 6 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कालाढूंगी स्थित धनपुर धमोला के नमस्ते कॉर्बेट रिजॉर्ट में आयोजित ललित फाउंडेशन के पंचम अधिवेशन “अभिव्यंजना 5.0” का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कवि केवल शब्दों के निर्माता नहीं, बल्कि समाज के चिंतक, मार्गदर्शक और प्रेरक भी होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि विचारों, भावनाओं और सृजनशीलता को अनुभव करने का एक अभिनव मंच है। कवियों की रचनाएं समाज को दर्पण दिखाने का कार्य करती हैं और कठिन परिस्थितियों में नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम को गति देने में कवियों और साहित्यकारों की रचनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने उपस्थित प्रख्यात कवियों की सराहना करते हुए कहा कि कुमार विश्वास ने अपनी विशिष्ट प्रस्तुति शैली से कविता को नई पहचान दी है, जबकि अशोक चक्रधर की रचनाएं हास्य, व्यंग्य और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत संगम प्रस्तुत करती हैं। वहीं हरिओम पवार की ओजस्वी कविताएं राष्ट्रभक्ति और जनचेतना की सशक्त अभिव्यक्ति हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से साहित्य, संस्कृति और सृजन की भूमि रही है। हिमालय की गोद में बसी इस पावन धरती ने सुमित्रानंदन पंत, चंद्रकुंवर बर्त्वाल, गिर्दा (गिरीश तिवारी), शैलेश मटियानी, गौरा पंत ‘शिवानी’ तथा मोहन उप्रेती जैसे साहित्यकार और लोकचिंतक दिए हैं, जिन्होंने अपनी लेखनी और रचनात्मकता से समाज को दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध साहित्यिक परंपरा आज भी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दे रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कवियों, कवयित्रियों और साहित्यकारों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है और ऐसे आयोजन नई चेतना तथा नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने साहित्यकारों से अपने “विकल्प रहित संकल्प” के साथ साहित्यिक चेतना को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, कुमार विश्वास, अशोक चक्रधर, हरिओम पवार सहित देशभर से आए कवि, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









