
देहरादून, 6 जून। बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के नवनियुक्त उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने शनिवार को समिति कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद रामपाल सिंह ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्राप्त की जाए तथा समीक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि विकास कार्यों का लाभ आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।
इस अवसर पर ज्योति प्रसाद गैरोला, विकास शर्मा, निदेशक सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक टी.एस. अन्ना सहित समिति एवं विभाग के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








