मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


ऋषिकेश, 3 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, आवासीय सुविधाओं और यात्रियों के लिए उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य जांच केंद्रों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांजिट कैंप में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और “अतिथि देवो भव:” की भावना से श्रद्धालुओं की सेवा करने का संदेश दिया।निरीक्षण के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की। यात्रियों ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताया। कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन पर रामायण और महाभारत के प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है, जिसकी यात्रियों ने सराहना की। उत्तर प्रदेश से आई श्रद्धालु कामिनी ने बताया कि कैंप में कूलर, पंखे, पेयजल और धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था के कारण प्रतीक्षा का समय सहजता से बीत रहा है। वहीं आजमगढ़ से आए शुभम ने कहा कि यात्रा शुरू करने और लौटने दोनों अवसरों पर उन्होंने ट्रांजिट कैंप की सुविधाओं का लाभ उठाया है।मध्य प्रदेश से आए ओमप्रकाश ने भी कैंप में भोजन और स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए लंगर एवं नि:शुल्क भोजन-पानी की व्यवस्था लगातार संचालित की जा रही है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों की बिक्री भी की जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें