पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती पर सवाल, एक साल बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 31 मई। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में रिक्त प्रवक्ता पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू न होने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएनवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद शासन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाया है, जिससे तकनीकी शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगार युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

पत्रकार वार्ता में नेगी ने बताया कि प्रदेश के पॉलिटेक्निक कॉलेजों में वर्तमान में 200 से अधिक प्रवक्ता पद रिक्त हैं। इनमें सिविल इंजीनियरिंग के लगभग 81, इलेक्ट्रिकल के 54, मैकेनिकल के 52 तथा फार्मेसी के 39 पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन पदों के रिक्त रहने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है और बीटेक एवं एमटेक डिग्रीधारी युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं।
नेगी ने कहा कि वर्ष 2024 में सरकार ने प्रवक्ताओं के करीब 200 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था, जिसमें न्यूनतम शैक्षिक योग्यता संबंधित विषय में बीटेक निर्धारित की गई थी। मार्च 2025 में भर्ती परीक्षा प्रस्तावित थी, लेकिन परीक्षा से पूर्व उच्च न्यायालय ने एआईसीटीई के प्रावधानों का हवाला देते हुए प्रक्रिया पर रोक लगा दी। न्यायालय ने कहा था कि प्रवक्ता पद के लिए एमटेक योग्यता आवश्यक है तथा सरकार को शीघ्र नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय के निर्देशों के बाद भी एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद शासन न तो नई विज्ञप्ति जारी कर पाया है और न ही बीटेक अथवा एमटेक योग्यता को लेकर कोई स्पष्ट नीति तय कर सका है। उनका कहना है कि इस विषय पर अब तक कैबिनेट स्तर पर भी कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
नेगी ने कहा कि जल्द ही वर्तमान में कार्यरत कई प्रवक्ताओं की पदोन्नति होने की संभावना है, जिससे संस्थानों में शिक्षकों की कमी और गंभीर हो सकती है। उन्होंने इस स्थिति को तकनीकी शिक्षा विभाग की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि पूर्व और वर्तमान तकनीकी शिक्षा मंत्री इस महत्वपूर्ण विषय पर अपेक्षित पहल नहीं कर सके हैं।
जन संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो संगठन इस मामले को लेकर शासन स्तर पर जोरदार ढंग से अपनी बात रखेगा और आंदोलन की रणनीति भी तैयार करेगा। पत्रकार वार्ता में हाजी असद और अतुल हांडा भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें